बीजापुर, 21 जनवरी 2026/sns/- ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त संचालक श्री उमेश कुमार राम एवं सेक्शन अधिकारी श्री पवन कुमार द्वारा जनपद पंचायत भैरमगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत गुदमा, सकनापल्ली एवं अड़ावली का विस्तृत निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत तालाब गहरीकरण कार्य, अमृत सरोवर निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण एवं हितग्राही मूलक डबरी निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के अंतर्गत पूर्ण एवं प्रगतिरत आवासों का निरीक्षण किया गया तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) अंतर्गत ग्राम पंचायत सकनापल्ली में निर्माणाधीन सड़क का भी अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मनरेगा के श्रमिकों एवं हितग्राहियों, PMAY के लाभार्थियों, NRLM के PRP एवं लखपति दीदी से सीधे संवाद कर योजनाओं से प्राप्त लाभों की जानकारी ली। लाभार्थियों ने योजनाओं से जीवन स्तर में आए सकारात्मक बदलाव की जानकारी साझा की।
इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत सकनापल्ली में प्रोजेक्ट उन्नति के अंतर्गत राज मिस्त्री प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अभ्यर्थियों से भी संवाद किया गया। अधिकारियों ने प्रशिक्षण को रोजगार एवं स्वरोजगार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के माध्यम से केंद्र सरकार की योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, लाभार्थी संतुष्टि एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का समग्र मूल्यांकन किया गया।

