छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने राजस्व शिविर का लिया जायजा

बलौदाबाजार, 01 अप्रैल 2026/sns/- राजस्व सम्बन्धी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जिले के सभी तहसील अंतर्गत क्लस्टर ग्राम पंचायतों में 1 अप्रैल से राजस्व पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को तहसील बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत अर्जुनी में आयोजित राजस्व शिविर का जायजा लिया। उन्होंने सरपंच, सचिव, पटवारी से शिविर में प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली और त्वरित निराकरण के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने इस दौरान शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की समस्यायें भी सुनी। उन्होंने एक ग्रामीण की जमीन सीमांकन के आवेदन के निराकरण हेतु पटवारी व आरआई को आज ही आवेदक की उपस्थिति में सीमांकन करने के निर्देश दिये। इसी तरह पीएम आवास व पेंशन के आवेदन पर भी नियमानुसार कार्यवाही के निर्देश दिये। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से पूछा कि राजस्व शिविर के बारे में जानकारी कैसे मिली। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में मुनादी हुई थीं। उन्होंने सरपंच व अन्य पंचायत प्रतिनिधियों से पीडीएस दुकान, आंगनबाड़ी केन्द्र नियमित समय पर खुलने, पटवारी व सचिव का मुख्यालय में रहने, पेयजल की उपलब्धता आदि की जानकारी ली। कलेक्टर ने मोर गांव, मोर पानी अभियान अंतर्गत जल संरक्षण के लिये जन सहभागिता से सोखता गड्ढा निर्माण हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होंने सचिव को ग्राम पंचायत कार्यालय भवन में वाटर हार्वेस्टिंग संरचना निर्माण के निर्देश दिये। इसके साथ ही शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों व उसके निराकरण की स्थिति का पंजी में प्रविष्टि करने कहा।

इस दौरान एसडीएम प्रकाश कोरी सहित सरपंच,पंच, सचिव, पटवारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *