क्रेडा विभाग द्वारा तीन नवीन सौर हाईमास्ट संयंत्र किया गया स्थापित
मुंगेली, 20 जनवरी 2026/sns/- छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान से जुड़ा हरिहर क्षेत्र मदकूद्वीप एक बार फिर विकास के नए प्रकाश से आलोकित हुआ। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी की मंशानुरूप पर्यटन स्थलों पर आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत मदकूद्वीप में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर सौर हाईमास्ट संयंत्रों का लोकार्पण किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा मदकूद्वीप में तीन नवीन सौर हाईमास्ट संयंत्र स्थापित किए गए हैं, जिन्हें घाट क्षेत्र, यज्ञशाला एवं मंदिर परिसर के समीप लगाया गया है। इन संयंत्रों के माध्यम से पूरे क्षेत्र में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ हुई है, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में बिल्हा विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री भूपेन्द्र सवन्नी अध्यक्ष क्रेडा, पूर्व विधायक भाटापारा श्री शिवरतन शर्मा, महात्यागी श्री रामरूपदास मौजूद रहे। यह पहल न केवल पर्यटन अनुभव को बेहतर बनाएगी, बल्कि सुरक्षा, आवागमन और धार्मिक गतिविधियों के संचालन में भी उल्लेखनीय सुधार लाएगी। साथ ही, सौर ऊर्जा के उपयोग से यह परियोजना स्वच्छ, सतत एवं पर्यावरण-संरक्षण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी सशक्त रूप से दर्शाती है। लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय में उत्साह, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण स्पष्ट रूप से देखने को मिला। यह इस बात का प्रमाण है कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी रूप से धरातल पर उतर रही हैं और आमजन के जीवन को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समृद्ध बना रही हैं। मदकूद्वीप में सौर हाईमास्ट संयंत्रों की स्थापना निस्संदेह आस्था, पर्यटन और सतत विकास के सुंदर संगम का प्रतीक है, जो आने वाले समय में इस पावन स्थल को एक आदर्श पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

