छत्तीसगढ़

संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर ने अंतर्राज्यीय सीमा पाटेकोहरा बेरियर का किया औचक निरीक्षण


राजनांदगांव, 17 जनवरी 2026/sns/-संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर ने अंतर्राज्यीय सीमा पाटेकोहरा बेरियर का औचक निरीक्षण किया। इसके साथ ही छुरिया विकासखंड के धान खरीदी केन्द्र लालूटोला का भी निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव उपस्थित रहे। संभागायुक्त श्री सत्यनारायण राठौर ने पाटेकोहरा बेरियर में जांच के दौरान महाराष्ट्र राज्य से ट्रक के माध्यम से आ रहे अवैध धान को जप्त किया। उन्होंने पाटेकोहरा बेरियर के परिवहन विभाग द्वारा लिए जा रहे समझौता शुल्क की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को बेरियर के भवन की साफ-सफाई करने तथा कार्यालय को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। संभागायुक्त श्री राठौर ने छुरिया विकासखंड के धान उपार्जन केन्द्र लालूटोला का निरीक्षण किया। संभागायुक्त ने धान उपार्जन केन्द्र में किसानों से चर्चा कर उनसे मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने धान की गुणवत्ता, आद्र्रतामापी मशीन से धान की नमी और इलेक्ट्रानिक तौल मशीन के माध्यम से धान तौलाई का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों से ऑनलाईन टोकन, नाप तौल, कोचियों एवं बिचौलियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि धान खरीदी के समय स्वच्छ, सूखा एवं गुणवत्तायुक्त धान की खरीदी होना चाहिए। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र में मोटा, पतला, सरना धान के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने धान उपार्जन केन्द्रों में भंडारण, पेयजल, प्रकाश सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। धान उपार्जन केन्द्र लालूटोला में 935 किसानों द्वारा 267.875 हेक्टेयर रकबा का समर्पण किया गया है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, तहसीलदार छुरिया श्री विजय कोठारी, सहायक खाद्य अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व किसान उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *