मुख्य सचिव श्री विकासशील ने की धान खरीदी की समीक्षा
मुंगेली, 14 जनवरी 2026/sns/- मुख्य सचिव श्री विकासशील ने खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा हेतु वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। उन्होंने अवैध एवं बाहरी धान खपाने के मामलों में की जा रही कार्रवाई, साप्ताहिक आधार पर उपार्जन केंद्रों की भौतिक सत्यापन तथा राइस मिलों के भौतिक सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही लघु एवं दीर्घ किसानों व दूसरे एवं तीसरे टोकन कटवा चुके किसानों की संख्या के साथ ही कितना धान विक्रय हेतु उपयोग नहीं किया गया है, इस संबंध में भी जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने बताया कि 31 जनवरी को शाम 07 बजे के बाद किसी भी प्रकार की धान खरीदी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जारी डी.ओ. के विरुद्ध धान उठाव की स्थिति की भी समीक्षा की और 28 फरवरी तक मिलर्स द्वारा धान का उठाव पूर्ण कराने और जिन समितियों में स्टॉक क्लीयरेंस में कठिनाई आ रही है, वहां अधिक संख्या में डी.ओ. जारी करने के निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त आईसीसीसी द्वारा जनरेट किए गए अलर्ट्स की जिलेवार श्रेणियों पर चर्चा करते हुए उनके कारणों एवं की गई कार्रवाई की जानकारी भी ली।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने बताया कि जिले में सुचारू रूप से धान खरीदी जारी है। अब लगभग 40 लाख क्विंटल से अधिक धान खरीदा जा चुका है तथा 26 लाख 18 हजार 672 क्विंटल से अधिक धान का उठाव किया जा चुका है जो लगातार जारी है। धान के अवैध ओवरलोडिंग, रिसायक्लिंग तथा अनियमितता पाए जाने पर राईस मिल को सील करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों एवं राइस मिलों का नियमित एवं सघन भौतिक सत्यापन तथा वाहन लोडिंग से लेकर डिलीवरी तक पूरी प्रक्रिया की प्रभावी ट्रैकिंग एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलेवार रकबा समर्पण की गत वर्ष की तुलना में स्थिति पर भी चर्चा की गई तथा रिसायकल किए गए धान से बचाव हेतु विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला कलेक्टोरेट स्थित एनआईसी सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रभाकर पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, एसडीएम मुंगेली श्री अजय शतरंज, एसडीएम लोरमी श्री अजीत पुजारी, एसडीएम पथरिया श्रीमती रेखा चंद्रा, सहकारिता आयुक्त श्री हितेश श्रीवास, खाद्य अधिकारी श्री हुलेश डड़सेना, डीएमओ मार्कफेड श्री मनोज यादव, डीएम नान श्री संदीप शर्मा, कार्यपालन अभियंता विद्युत विभाग श्री नंदराम भगत सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


