मोहला, 14 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर एवं प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती भारती चंद्राकर, डीएफओ श्री दिनेश पटेल, अपर कलेक्टर श्री जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जिला पंचायत के कार्यों की समीक्षा के दौरान सृजित मानव दिवसों की जानकारी ली तथा जल संवर्धन की दिशा में प्राथमिकता से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने वीबीजी-रामजी योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना एवं व्यक्तिगत शौचालय निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की। एनआरएलएम के अंतर्गत संचालित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री सड़क निर्माण योजना के अंतर्गत सड़कों के नियमित संधारण कार्यों की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग से विभागीय योजनाओं के कार्यों व प्रधानमंत्री वय वंदना योजना के कार्यों की जानकारी लेते हुए उन्होंने हितग्राहीयों कों वय वंदन योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी एवं स्कूलों में स्वास्थ्य जांच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग से अपार आईडी,एनआरसी रिपोर्ट, सैम-मैम व प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना के संबंध में जानकारी ली। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने ऑयल पॉम को बढ़ावा देने हेतु कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना से जिले के ग्रामीणों कों लाभान्वित करने के निर्देश दिए। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जल जीवन मिशन अंतर्गत घरेलु नल कनेक्शन एवं योजनाओं की क्रमवार समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए। आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माणाधीन एकलव्य विद्यालय के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला व्यपार एवं उद्योग विभाग की योजनाओं की समीक्षा की गईं। इस दौरान प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना पर चर्चा कर ग्रामीणों कों लाभान्वित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त समाज कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान पेंशन प्रकिया व जिले के दिव्यांगजनों के उत्थान के लिए उन्हें शासन की लाभकारी योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। श्रम विभाग की योजनाओं की समीक्षा की करते हुए श्रमिक पंजीकरण, नवीनीकरण सहित विभिन्न विषयों पर समीक्षा कर तेजी लाने के निर्देश दिए गए ताकि श्रमिकों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल सकें। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

