बीजापुर, 09 जनवरी 2026/sns/-जिला प्रशासन बीजापुर द्वारा कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.आर. पुजारी एवं सिविल सर्जन डॉ. रत्ना ठाकुर के मार्गदर्शन में दिनांक 9 जनवरी 2026 को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु) के अंतर्गत 0 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों हेतु एकदिवसीय विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन जिला चिकित्सालय, बीजापुर परिसर में किया गया।
इस शिविर में श्री बालाजी हॉस्पिटल, रायपुर की सुप्रसिद्ध विशेषज्ञ टीम ने सेवाएँ प्रदान कीं, जिसमें कार्डियोलॉजिस्ट, अनुभवी जनरल सर्जन, चर्म रोग विशेषज्ञ एवं शिशु रोग विशेषज्ञ शामिल थे। साथ ही जिला चिकित्सालय बीजापुर के नाक-कान-गला, नेत्र एवं अस्थि रोग विशेषज्ञों द्वारा भी परामर्श एवं उपचार किया गया। जिले के चारों विकासखंडों से चिरायु टीम द्वारा बच्चों को शिविर में लाया गया।
शिविर में कुल 113 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया। इनमें प्रमुख रूप से जन्मजात हृदय रोग के 36, कटे होंठ व तालू के 10, टेढ़े-मेढ़े पैर के 3, हर्निया के 24, जन्मजात मोतियाबिंद के 2, चर्म रोग के 6, कान रोग के 8 तथा अन्य बीमारियों से पीड़ित बच्चे शामिल थे।
इनमें से 75 सर्जिकल केस बच्चों को रायपुर रेफर किया गया, जहाँ उनका निःशुल्क उपचार आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (PM&JAY) के अंतर्गत किया जाएगा। शेष बच्चों को जिला अस्पताल से निःशुल्क दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं। इसके साथ ही 1 बच्चे को कान की मशीन प्रदान की गई तथा 37 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
रायपुर रेफर किए गए सभी बच्चों का निःशुल्क उपचार शासन द्वारा सुनिश्चित किया जाएगा।
यह शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री वरुण साहू, डॉ. सजल बाफना, डॉ. चंद्रशेखर, समस्त चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं स्वास्थ्य कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शिविर का अवलोकन करते हुए संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल द्वारा आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।
यह आयोजन जिले में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं समय पर उपचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।


