छत्तीसगढ़

प्रभारी मंत्री की अनुशंसा पर दुर्ग शहर और ग्रामीण विधानसभा के विकास कार्यों हेतु 57.30 लाख रूपए स्वीकृत

दुर्ग, 06 जनवरी 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए जिले के दो प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 57.30 लाख रूपए से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। जिले के प्रभारी मंत्री श्री विजय शर्मा द्वारा अनुशंसित इन कार्यों के लिए वर्ष 2025-26 के आबंटन से राशि जारी की गई है। इस स्वीकृति के तहत दुर्ग शहर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न निर्माण कार्यों हेतु 29.97 लाख रूपए और दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में विकास हेतु 27.33 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है। इन कार्यों के संपादन के लिए क्रमशः ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग-दुर्ग और जनपद पंचायत दुर्ग को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्ग शहर विधानसभा के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 40 में स्थित सामुदायिक भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्य हेतु 9.99 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई है। इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 40 में ही सामुदायिक भवन में रसोई कक्ष एवं शौचालय निर्माण कार्य के लिए 5.00 लाख रूपए स्वीकृत किए गए हैं। वार्ड क्रमांक 56 बघेरा के मोहलई रोड के समीप सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के लिए 9.99 लाख रूपए तथा सामुदायिक भवन में शौचालय निर्माण कार्य हेतु 4.99 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी क्रम में दुर्ग ग्रामीण विधानसभा के अंतर्गत ग्राम थनौद के सतनाम पारा में और ग्राम कोकडी के निषाद पारा में सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के लिए 10-10 लाख रूपए की स्वीकृति दी गई है। ग्राम भानपुरी के वार्ड 02 में सार्वजनिक भवन के पास किचन शेड निर्माण कार्य हेतु 3.40 लाख रूपए का प्रावधान किया गया है। साथ ही, ग्राम एवं ग्राम पंचायत अछोटी के भाठापारा क्षेत्र की विभिन्न गलियों में नाली निर्माण कार्य के लिए 3.93 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *