मुंगेली, 27 दिसम्बर 2025/sns/-शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। जिले के विकासखंड लोरमी अंतर्गत अचानकमार की ग्राम पंचायत सुरही निवासी श्रीमती रजनी बैगा की सफलता कहानी इस योजना की प्रभावशीलता को स्पष्ट रूप से दर्शाती है। विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा वर्ग से संबंधित श्रीमती रजनी बैगा आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं। गर्भावस्था के दौरान स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी कठिनाइयों के कारण उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे समय में उन्हें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी दी गई और योजना अंतर्गत पंजीयन कराया गया।
योजना के तहत समय पर गर्भावस्था पंजीकरण, नियमित एएनसी जांच, आवश्यक टीकाकरण तथा पोषण परामर्श सुनिश्चित किया गया। साथ ही श्रीमती रजनी बैगा के बैंक खाते में 05 हजार रूपए की सहायता राशि अंतरित की गई। प्राप्त आर्थिक सहायता से श्रीमती रजनी बैगा ने गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार, आवश्यक दवाइयों एवं स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। परिणामस्वरूप सुरक्षित प्रसव संपन्न हुआ तथा वर्तमान में माता और शिशु दोनों स्वस्थ हैं। इस योजना ने न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया, बल्कि मातृत्व स्वास्थ्य के प्रति उन्हें जागरूक भी बनाया। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना ने श्रीमती रजनी बैगा के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाते हुए सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित किया है। यह योजना ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की महिलाओं के लिए एक मजबूत सहारा बनकर उभर रही है और मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही है।

