मुंगेली, 26 दिसम्बर 2025/sns/-जिले में तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की रोकथाम एवं ओरल हेल्थ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्य स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत व्यापक प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों को ओरल हेल्थ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रशिक्षित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा ने बताया कि तंबाकू सेवन केवल मुंह को ही नहीं, बल्कि पूरे शरीर को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाता है। तंबाकू के कारण ओरल कैंसर सहित कई जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने तंबाकू को ‘साइलेंट किलर’ बताते हुए कहा कि नशे की आदतों में तंबाकू सबसे अधिक घातक है।
सीएमएचओ डॉ. साहा ने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि स्कूलों के 100 गज के दायरे में तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में न हो। जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. गिरीश कुर्रे ने बताया कि तंबाकू सेवन से होने वाला नुकसान अत्यधिक गंभीर है तथा तंबाकू सेवन करने वाले लगभग 90 प्रतिशत लोगों में ओरल कैंसर का खतरा बना रहता है। उन्होंने सभी सीएचओ से अपने-अपने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में ओरल कैंसर की नियमित स्क्रीनिंग करने तथा तंबाकू और कैंसर से बचाव के उपायों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने की अपील की। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. कमलेश कुमार एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. कासिम कुरैशी ने मरीजों की नियमित स्क्रीनिंग करने और तंबाकू के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

