छत्तीसगढ़

आत्मा योजनांतर्गत कृषक-वैज्ञानिक परिचर्चा संपन्न

मुंगेली, 26 दिसम्बर 2025/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर आत्मा सह उप संचालक कृषि श्रीमती वीणा ठाकुर मार्गदर्शन में कृषि विस्तार एवं किसानों की आय में वृद्धि के उद्देश्य से कृषि विज्ञान केन्द्र, चमारी में 23 एवं 24 दिसम्बर कृषक-वैज्ञानिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. एस. वर्मा ने कृषकों को कृषि कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने रसायनिक उर्वरकों के अत्यधिक प्रयोग को कम करने की सलाह देते हुए संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने पर जोर दिया तथा किसानों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक समाधान प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर विषय वस्तु विशेषज्ञों सुश्री पल्लवी पोर्ते एवं डॉ. थानेश्वर देवांगन द्वारा सब्जी उत्पादन, बीजोपचार तथा समन्वित कृषि प्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने कृषकों को सुनियोजित एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। वहीं डॉ. एस. के. लहरे एवं श्रीमती नेहा लहरे, विषय वस्तु विशेषज्ञों द्वारा दलहन एवं तिलहन फसलों की उन्नत खेती पर जानकारी साझा की गई तथा जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने हेतु कृषकों को प्रेरित किया गया।
आत्मा योजनांतर्गत बी.टी.एम. चेतन दास कुर्रे एवं ए.टी.एम. निकिता तिवारी द्वारा किसानों को आत्मा योजना के उद्देश्यों, लाभों एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में जिले के प्रगतिशील कृषक द्वारा तिलहनी फसलों की खेती के अपने सफल अनुभव साझा किए गए, जिससे अन्य किसानों को प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग के अधिकारियों ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। परिचर्चा में कृषि विभाग के अधिकारी, कृषि विज्ञान केन्द्र के विशेषज्ञ, एक्स.रि. आत्मा योजनांतर्गत कार्यरत कृषक मित्र, कृषक समूहों की सक्रिय महिलाएं एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *