मुंगेली, 26 दिसम्बर 2025/sns/- छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) द्वारा पूरे प्रदेश में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। जनजागरूकता के प्रभावी माध्यम के रूप में विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन छात्रों को जोड़ते हुए लोरमी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुड़िया तथा राजीव गांधी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, लोरमी में ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता विषय पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। ऊर्जा के व्यापक उत्पादन और आधुनिक तकनीकों के उपयोग के बावजूद देश में ऊर्जा की मांग और आपूर्ति के बीच बने अंतर को मिटाने के लिए ऊर्जा संरक्षण और ऊर्जा दक्ष उपकरणों का प्रयोग अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगोली, निबंध प्रतियोगिता एवं चित्रकला के माध्यम से ऊर्जा बचाने का संकल्प लिया और ऊर्जा संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। विद्यार्थियों ने रचनात्मक गतिविधियों के जरिए यह संदेश दिया कि ऊर्जा की बचत ही भविष्य की सुरक्षा है। राजीव गांधी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, लोरमी में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य श्री ध्रुव एवं सहायक प्राध्यापक डॉ. राधेश्याम साहू का विशेष योगदान एवं मार्गदर्शन रहा। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुड़िया में कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य श्री मरावी के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अगली कड़ी में आगामी दिनों में शासकीय विद्यालयों एवं संस्थानों में ऊर्जा संरक्षण का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही जनवरी 2026 में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता पर आधारित आकर्षक झांकी के माध्यम से जनजागरूकता का प्रदर्शन किया जाएगा। इन प्रयासों के माध्यम से क्रेडा का उद्देश्य आने वाली पीढ़ी को ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना और प्रदेश को ऊर्जा दक्षता की दिशा में आगे बढ़ाना है।


