छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री आवास योजना तिलक प्रसाद को मिला सुरक्षित आशियाना

मुंगेली, 26 दिसम्बर 2025/sns/-मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम लालाकापा निवासी श्री तिलक प्रसाद को प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत सुरक्षित आशियाना मिला है। योजना के अंतर्गत पक्का आवास मिलने पर उन्होंने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों तक मजदूरी करने के बावजूद वे कभी अपने बलबूते पक्का घर नहीं बना पाए थे। श्री तिलक प्रसाद ने बताया कि पूर्व में उनका परिवार एक छोटे से कच्चे मकान में अत्यंत कठिन परिस्थितियों में रहने को मजबूर था। बरसात के दिनों में जैसे ही आसमान में बादल छाते, चिंता बढ़ जाती थी। छप्पर से पानी टपकता रहता था और कई बार सोने तक की जगह नहीं बचती थी। ऐसे हालात में जीवन बेहद असुरक्षित और परेशानियों से भरा हुआ था।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की सूची में नाम आने के बाद उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया। योजना की निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीयन उपरांत स्वीकृत राशि प्राप्त हुई। इसके पश्चात उन्होंने अपने पुराने कच्चे मकान को तोड़कर तकनीकी सहायक के ले-आउट निरीक्षण के अनुसार आवास निर्माण कार्य प्रारंभ किया। निर्माण पूर्ण होने के बाद आज वे अपने परिवार के साथ नए पक्के आवास में सुरक्षित और सुकूनभरा जीवन जी रहे हैं। श्री तिलक प्रसाद ने बताया कि अब पक्के मकान में उन्हें चैन की नींद आती है। सरकार ने उन्हें पक्का आवास देकर बड़ा उपकार किया है। योजना के अभिसरण के तहत मनरेगा से 90 दिनों का रोजगार भी प्राप्त हुआ, जिससे आर्थिक संबल मिला। साथ ही राशन कार्ड के माध्यम से नियमित रूप से अनाज की सुविधा भी मिल रही है।
शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने से श्री तिलक प्रसाद का परिवार, पत्नी उत्तरा बाई, बेटा और बेटी आज खुशहाल एवं सम्मानजनक जीवन व्यतीत कर रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना ने न केवल उन्हें पक्का घर दिया, बल्कि सुरक्षित भविष्य और आत्मसम्मान के साथ जीने का अवसर भी प्रदान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *