अंबिकापुर, 26 दिसंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लेने राजमाता श्रीमती देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर का बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया और मरीजों से सीधे संवाद कर मिलने वाली सुविधाओं पर फीडबैक लिया।
कलेक्टर ने ओपीडी, आपातकालीन कक्ष, जनरल वार्ड, पुरुष एवं महिला वार्ड, लेबर कक्ष, एसएनसीयू, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, पंजीयन काउंटर, दवा वितरण केंद्र सहित अन्य विभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपचार व्यवस्था, दवाइयों की उपलब्धता, साफ-सफाई तथा चिकित्सकीय स्टाफ के व्यवहार की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों ने अस्पताल में दी जा रही सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया। कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चिकित्सालय अधीक्षक एवं सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि उपचार, दवा वितरण एवं अन्य सेवाएं बिना किसी व्यवधान के निरंतर संचालित हों। कलेक्टर श्री वसंत ने पोषण पुनर्वास केंद्रों में गम्भीर कुपोषित बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने निर्देशित किया।
कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की स्वच्छता, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मरीजों की सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखा जाए और सभी विभागों में आपसी समन्वय के साथ कार्य किया जाए। निरीक्षण के अवसर पर अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर.सी. आर्या, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी.एस. मार्को, सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी, डीपीएम डॉ. पुष्पेंद्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

