अंबिकापुर, 26 दिसंबर 2025/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने बुधवार को नगर पालिक निगम अंबिकापुर द्वारा संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं कतकालो जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री वसंत ने सर्वप्रथम नगर पालिक निगम अंबिकापुर के नवीन कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। यह भवन 783.05 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का अवलोकन करते हुए जनवरी 2026 तक भवन निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर ने कतकालो स्थित 15 एमएलडी क्षमता वाले जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अभियंताओं को निर्देशित किया कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए अभी से पेयजल आपूर्ति की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि आने वाले समय में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत एएचपी घटक के तहत नगर पालिक निगम अंबिकापुर के वार्ड क्रमांक 02 सुभाषनगर में निर्माणाधीन आवास परियोजना का भी निरीक्षण किया। इस योजना के अंतर्गत 22.04 करोड़ रुपये की लागत से 17 ब्लॉकों में कुल 493 आवास इकाइयों का निर्माण किया जा रहा है। कलेक्टर ने कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त नगर पालिक निगम एवं अभियंताओं को चरणबद्ध रूप से निर्माण कार्य पूर्ण कर हितग्राहियों को शीघ्र आवास आबंटित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आवास स्थल पर रहवासियों के लिए अहाता निर्माण का कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही आवास परिसर में सड़क, पेयजल, विद्युत, जलनिकासी एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर विस्तृत चर्चा की। कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने कहा कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, समय-सीमा और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि आम नागरिकों को योजनाओं का सीधा और समय पर लाभ मिल सके।
इस दौरान नगर पालिका निगम कमिश्नर श्री डी एन कश्यप नगर पालिक निगम कार्यपालन अभियंता श्री संतोष रवि सर, सहायक अभियंता श्री दुष्यंत बजाज, सहायक अभियंता विद्युत यांत्रिकी श्री प्रशांत खुल्लर सहित अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।

