छत्तीसगढ़

अटल जी की 101वीं जयंती पर ऐतिहासिक पहल मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अटल परिसर का लोकार्पण कर प्रतिमा का किया अनावरण

बीजापुर, 26 दिसंबर 2025/sns/- भारत रत्न, प्रखर राष्ट्रवादी नेता एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी की 101वीं जयंती के अवसर पर आज बीजापुर में एक गरिमामय एवं ऐतिहासिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अटल परिसर का विधिवत लोकार्पण कर श्रद्धेय अटल जी की प्रतिमा का अनावरण किया।
यह कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी के स्वर्णिम जीवन प्रसंगों का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल एक राजनेता नहीं थे, बल्कि वे विचार, सिद्धांत और राष्ट्रसेवा के सशक्त प्रतीक थे। उन्होंने राजनीति को शुचिता, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़ा। अटल जी की वाणी में ओज, लेखनी में संवेदना तथा निर्णयों में दूरदर्शिता स्पष्ट रूप से झलकती थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई जी ने देश को मजबूत नेतृत्व प्रदान करते हुए विकास की नई दिशा दिखाई। उनके द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी का “सबका साथ, सबका विकास” का विचार आज विकसित भारत के संकल्प की सशक्त नींव है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे अटल जी के आदर्शों, राष्ट्रप्रेम, सुशासन और सामाजिक समरसता के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाएं। उन्होंने कहा कि अटल जी के दिखाए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण संभव है।
बीजापुर में आयोजित इस वर्चुअल कार्यक्रम में नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री भुवन सिंह चौहान, एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री बंशीलाल नुरेटी, नगरपालिका बीजापुर के पार्षदगण, मीडिया प्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री भुवन सिंह चौहान एवं एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल ने श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। श्रेष्ठ कवि के रूप में विख्यात अटल बिहारी वाजपेई जी की कविताओं का भावपूर्ण वाचन एसडीएम श्री जागेश्वर कौशल एवं एपीसी श्री मोहम्मद जाकिर खान द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *