छत्तीसगढ़

मनरेगा के कुएं से बढ़ी आय, प्रधानमंत्री आवास को मिला आधार


बीजापुर, 22 दिसंबर 2025/sns/-महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनांतर्गत हितग्राही मूलक कार्यों की श्रेणी में पात्र ग्रामीण परिवारों को कुआँ निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की जाती है। जिसका उद्देश्य कृषि सिंचाई सुविधा का विस्तार कर ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करना है। इसी क्रम में विकासखंड भोपालपटनम के ग्राम पंचायत दम्पाया हितग्राही श्री वड्डे नागैया के यहां बनाये गए कुुएँ से प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ है। उनके पास लगभग 1 एकड़ 50 डिसमिल कृषि भूमि है, जिसमें महात्मा गांधी नरेगा से बने कुएँ की सहायता से सिंचाई कर खेती की जा रही है। सिंचाई सुविधा उपलब्ध होने से हितग्राही द्वारा सब्जी उत्पादन, ईट निर्माण किया गया है, जिससे उन्हें नियमित आय होने के साथ ही अपने प्रधानमंत्री आवास निर्माण में भी सहायता मिल रही है।
श्री वड्डे नागैया को वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2 लाख 10 हजार रूपये की लागत से मनरेगा से कुआं निर्माण की स्वीकृति की गई है। हितग्राही ने बताया कि कुएँ के पानी का उपयोग करते हुए 1.50 एकड़ खेत में धान की फसल के अलावा सब्जी उत्पादन कर लगभग 10 हजार रूपये की अतिरिक्त आमदनी की। सब्जी उत्पादन के बाद लगभग 50 हजार नग ईंटों का निर्माण भी किया है, जिसमें से 20 हजार नग ईंटों का विक्रय कर 40 हजार रुपये की आय अर्जित की गई। शेष ईंटों का उपयोग पिता श्री वड्डे एल्ला के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत स्वीकृत आवास निर्माण में किया जा रहा है।
मनरेगा के अंतर्गत निर्मित टिकाऊ परिसंपत्तियाँ न केवल सिंचाई और रोजगार का साधन बन रही हैं, बल्कि प्रधानमंत्री आवास योजना जैसे अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ समन्वय कर ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *