सुकमा, 22 दिसंबर 2025/sns/-जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए प्रभावशाली पहल की गई। कलेक्टर श्री अमित कुमार के कुशल नेतृत्व में पल्स पोलियो अभियान को मिशन मोड में संचालित किया गया, जिसके तहत पहले ही दिन 33,273 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर उन्हें सुरक्षित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 37,815 बच्चों को कवर करने का लक्ष्य रखा गया था। प्रशासन की मजबूत योजना, सतत निगरानी और समर्पित टीमवर्क का परिणाम रहा कि सभी बूथों पर अभियान सुचारू रूप से संपन्न हुआ। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री आर.के. सिंह स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर अभियान की निगरानी करते नजर आए, जिससे कर्मचारियों का मनोबल और अधिक बढ़ा।
अभियान की शुरुआत नगरपालिका सुकमा की उपाध्यक्ष श्रीमती भुवनेश्वरी यादव द्वारा एक बच्चे को पल्स पोलियो की दवा पिलाकर की गई। जिलेभर में अभियान को लेकर अभिभावकों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में लोग अपने बच्चों को बूथों तक लेकर पहुंचे। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए जिले में कुल 389 बूथ स्थापित किए गए थे, जहां 1,304 स्वास्थ्यकर्मी एवं स्वयंसेवक पूरी निष्ठा के साथ सेवाएं दे रहे थे। साथ ही जिला, ब्लॉक एवं सेक्टर स्तर पर 40 सुपरविजन टीमों की तैनाती कर सतत मॉनिटरिंग की गई, जिससे किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश नहीं रही।
प्रशासन ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 22 एवं 23 दिसंबर 2025 को घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को कवर करने की भी ठोस व्यवस्था की गई है, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो से सुरक्षा से वंचित न रह जाए। इस अवसर पर बीएमओ कोंटा डॉ. दीपेश चंद्राकर भी उपस्थित थे।


