छत्तीसगढ़

कलेक्टर ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की गहन समीक्षा

मुंगेली, 16 दिसम्बर 2025/sns/- जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा हेतु कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभा कक्ष में बैठक ली। बैठक में उन्होंने हर घर जल प्रमाणीकरण योजना की प्रगति की विकासखंडवार समीक्षा की और गर्मी के मौसम से पूर्व सभी कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण किए जाएं, ताकि पेयजल को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत उत्पन्न न हो। कलेक्टर ने लोरमी विकासखंड में अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कारणों की जानकारी ली और लक्षित कार्ययोजना बनाकर शीघ्र सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि अधिक जल संकट वाले गांवों का चिन्हांकित कर उन्हें प्राथमिकता में लिया जाए तथा बेहतर कार्ययोजना बनाकर आवश्यक संसाधन समय रहते उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में जल जीवन मिशन को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। कलेक्टर ने समूह जल प्रदाय योजनाओं की प्रगति तथा गांववार समस्याओं की जानकारी लेकर नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण करने तथा ग्राम स्तर पर संभावित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर कार्यपालन अभियंता श्री कुन्दन राणा ने जानकारी दी कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले के 235 गांवों में हर घर जल योजना पूर्ण कर नियमित पेयजल प्रदाय किया जा रहा है। वहीं, वर्तमान वित्तीय वर्ष में 110 से अधिक गांवों में हर घर जल प्रमाणीकरण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है। शेष गांवों में भी जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत के समन्वय से जल प्रदाय सुनिश्चित करने की कार्यवाही लगातार जारी है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *