सुकमा, 15 दिसंबर 2025/sns/- ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर खोलते हुए छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (CMEGP) एवं प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के अंतर्गत शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों को ऋण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज कर दी है। दोनों योजनाएं युवाओं को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का बड़ा अवसर प्रदान कर रही हैं।
बोर्ड के अनुसार सीएमईजीपी के तहत विनिर्माण कार्यों के लिए अधिकतम 3 लाख रुपये तथा सेवा क्षेत्र के लिए 1 लाख रुपये तक का ऋण बैंकों के माध्यम से स्वीकृत किया जाता है। वहीं पीएमईजीपी योजना में विनिर्माण इकाइयों के लिए 50 लाख रुपये और सेवा इकाइयों के लिए 20 लाख रुपये तक की राशि उपलब्ध है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि स्वीकृत प्रोजेक्ट राशि पर सरकार द्वारा 35ः तक अनुदान प्रदान किया जाता है, जो युवाओं के लिए आर्थिक बोझ को काफी कम करता है। योजनाओं का लाभ 18 से 45 वर्ष आयु वर्ग के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के आवेदक उठा सकते हैं। इच्छुक युवक-युवतियाँ अपने आवेदन खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत सुकमा कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
आवेदन के साथ 8वीं पास शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र, जाति एवं निवास प्रमाणपत्र, सरपंच/नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाणपत्र, आधार-पैन कार्ड, राशन कार्ड, पासपोर्ट फोटो, मशीनरी कोटेशन, भूमि व स्थल संबंधी दस्तावेज (नक्शा, खसरा, बी-1) तथा विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट अनिवार्य रूप से संलग्न करनी होगी। कार्यालय द्वारा सत्यापन के बाद आवेदन संबंधित बैंक को भेज दिया जाएगा। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के सहायक संचालक एवं प्रभारी प्रबंधक मनोज मंडावी ने बताया कि यह योजना ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मील का पत्थर साबित होगी। इच्छुक आवेदक विस्तृत जानकारी के लिए उनके मोबाइल नंबर 9770121478 पर संपर्क कर सकते हैं।

