बलौदाबाजार, 11 दिसम्बर 2025/sns/- वनमण्डलाधिकारी गणवीर धम्मशीलके निर्देशानुसार बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य में सिटिज़न साइंस बर्ड सर्वे 2026 का आयोजन 16 से 18 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध पक्षी-विविधता का वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण, नागरिक वैज्ञानिकों की सहभागिता को बढ़ावा देना तथा दीर्घकालिक संरक्षण प्रयासों को सुदृढ़ करना है।प्रकृति–रक्षित क्षेत्रों, घासभूमियों और वनों के मिश्रित परिदृश्य से युक्त बारनवापारा अभयारण्य इस प्रकार के अध्ययन के लिए अत्यंत उपयुक्त स्थल है।
कार्यक्रम के प्रति लोगों ने अत्यधिक उत्साह दिखाया है। अब तक कुल 135 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिसमें छत्तीसगढ़ सहित देश के 12 राज्यों (आंध्र प्रदेश, बिहार, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल) के आवेदन शामिल है।यह सहभागिता दर्शाती है कि छत्तीसगढ़ की जैव-विविधता के प्रति राष्ट्रीय स्तर पर रुचि तीव्र गति से बढ़ रही है और बारनवापारा वन्यजीव अभयारण्य एक महत्वपूर्ण संरक्षण स्थल के रूप में उभर रहा है।
इस सर्वे के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2025 निर्धारित है। इच्छुक प्रतिभागी लिंक https://bit.ly/48ebh9m या फ्लायर पर दिए गए QR कोड का उपयोग कर आवेदन कर सकते हैं।यह आयोजन Birds & Wildlife of Chhattisgarh के सहयोग से तथा eBird के तकनीकी समर्थन के साथ किया जा रहा है जिससे प्रतिभागियों द्वारा जुटाए गए आंकड़े वैश्विक डाटाबेस में शामिल होंगे।


