छत्तीसगढ़

नेतानार और पुसपाल धान खरीदी केंद्र में पहुंचे कलेक्टर श्री देवेश ध्रुव

सुकमा, 10 दिसम्बर 2025/sns/-छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशों के अनुरूप, समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था योजना में पारदर्शिता और सुगमता लाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री देवेश ध्रुव ने बुधवार को छिंदगढ़ विकासखंड के नेतानार और पुसपाल धान उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीदी प्रक्रिया की जमीनी हकीकत जानने के लिए किसानों से सीधा संवाद किया।
कलेक्टर श्री ध्रुव ने निरीक्षण के दौरान केंद्र पर मौजूद सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। धान उपार्जन केंद्रों में बारदाना की स्टॉक स्थिति की जांच की गई। टोकन कटिंग की प्रक्रिया और हमाल (मजदूर) व्यवस्था का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने नमी मापक यंत्रों के संचालन की स्थिति का अवलोकन किया गया। किसानों ने खरीदी प्रक्रिया को संतोषजनक बताते हुए शासन-प्रशासन के प्रयासों पर खुशी जाहिर की।
उन्होंने धान खरीदी में लगे अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी केंद्रों पर धान खरीदी व्यवस्था पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सिर्फ वास्तविक किसानों से ही धान की खरीदी हो और खरीदी के तुरंत बाद नियमानुसार रकबा समर्पण की कार्रवाई पूर्ण की जाए। निरीक्षण के समय एसडीएम छिंदगढ़ श्री पीवी खेस सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *