बीजापुर, 09 दिसम्बर 2025/sns/-कलेक्टर श्री संबित मिश्रा ने जिले में संचालित सभी विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने विभिन्न विभागों में चल रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर गति लाने पर जोर दिया।
बैठक में कलेक्टर ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की और प्रगति की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही बस्तर ओलंपिक के संभागीय स्तर के आयोजन को ध्यान में रखते हुए चयनित खिलाड़ियों के आवागमन, ठहरने और भोजन व्यवस्था को पूर्णतः सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संभागीय नोडल अधिकारियों से सतत समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया।
कलेक्टर ने बताया कि 14 दिसंबर को प्रस्तावित विधानसभा सत्र को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग समय-सीमा में विधानसभा प्रश्नों के उत्तर उपलब्ध कराएं। साथ ही बिना पूर्व अनुमति किसी भी अधिकारी को अवकाश लेने या मुख्यालय छोड़ने पर सख्त मनाही रहेगी।
धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उन्होंने बारदाना उपलब्धता, टोकन वितरण और खरीदी केंद्रों की स्थिति की जानकारी ली तथा प्रक्रिया को सुचारू रखने के निर्देश दिए। संबंधित नोडल अधिकारियों को निरंतर निगरानी और केन्द्रों के निरीक्षण करने को कहा गया।
सड़क, बिजली-पानी के कार्यों सहित स्कूल, आंगनबाड़ी और अन्य शासकीय भवनों के निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। नियद एवं नेल्लानार क्षेत्रों में शत-प्रतिशत सैचुरेशन के लक्ष्य के तहत ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं से जोड़ने तथा आवश्यक दस्तावेज, राशनकार्ड, आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड, जाति एवं जन्म प्रमाण पत्र, बैंक खातों आदि को सरलता से उपलब्ध कराने पर जोर दिया। नक्सल पीड़ित परिवारों और आत्मसमर्पित नक्सलियों से संबंधित जानकारी भी बैठक में ली गई।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर श्री भूपेन्द्र अग्रवाल, संयुक्त कलेक्टर श्री जागेश्वर कौशल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार एवं नगरीय निकायों के सीएमओ उपस्थित रहे।

