छत्तीसगढ़

धान उपार्जन केन्द्रों में मिल रही सुविधाओं से किसानों के लिए धान विक्रय करना हुआ आसान धान खरीदी व्यवस्था से संतुष्ट हुए किसान

अम्बिकापुर, 06 दिसम्बर 2025/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले के धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा और हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। पारदर्शी व्यवस्था और आसान प्रक्रियाओं ने किसानों का धान विक्रय अब और अधिक सुगम, सरल और सुविधाजनक बना दिया है।
अम्बिकापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत मुडेसा के रहने किसान श्री मीना राम विश्वकर्मा ने धान खरीदी व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी एक एकड़ 16 डिसमिल जमीन से 21 क्विंटल धान उपार्जन हेतु वे मेंड्राकला धान उपार्जन केन्द्र पहुंचे। उन्होंने कहा कि समिति में टोकन कटाने में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।
किसान श्री विश्वकर्मा ने बताया कि उपार्जन केन्द्र पहुंचते ही नमी परीक्षण, धान की गुणवत्ता जांच और अन्य प्रक्रियाएं तुरंत पूर्ण की गईं। इसके बाद बारदाना उपलब्ध कराया गया और धान की तौल पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न हुई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के शासन में 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान मूल्य मिलने से किसानों को बड़ा आर्थिक लाभ हो रहा है। इससे किसान अधिक सशक्त और समृद्ध बन रहे हैं। धान खरीदी व्यवस्था पर संतुष्टि व्यक्त करते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री  के प्रति आभार व्यक्त किया।
जिला में शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी धान उपार्जन केन्द्रों में किसानों की सुविधा के लिये सुविधाएं बेहतर की गई हैं, जिससे धान विक्रय के दौरान किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।
किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में धान खरीदी व्यवस्था लगातार बेहतर और अधिक पारदर्शी बनाएं रखने के लिए निगरानी दल निरीक्षण कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *