छत्तीसगढ़

धान खरीदी में आई तेजी सरल प्रक्रिया से किसान हो रहें लाभांवित

मोहला, 06 दिसंबर 2025/sns/- जिले में खरीफ वर्ष 2025-26 की धान खरीदी प्रक्रिया में तेजी आई है। जिले के 43,525 पंजीकृत किसानों में से 5,356 किसानों ने अपना धान विक्रय किया है, जिसके तहत कुल 2,49,667 क्विंटल धान की खरीदी हो चुकी है। खरीदे गए धान के एवज में किसानों के खातों में 5,959.48 लाख रुपये की राशि का भुगतान किया जा चुका है। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि धान बेचते समय स्वयं अपने धान की गुणवत्ता की जांच करें। धान की किस्म अच्छी हो और उसमें नमी 17 प्रतिशत से कम हो। धान विक्रय के दिन किसानों को समिति के गेट पास ऐप से धान लाए गए वाहन के साथ अपना फोटो खिंचवाना है। जिसके पश्चात समिति से बारदाना प्राप्त किया जा सकेगा। धान विक्रय के उपरांत यदि किसान का रकबा शेष है, तो उसे समिति में समर्पण करना होगा। धान खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने हेतु शासन द्वारा समितियों को अग्रिम राशि उपलब्ध कराई गई है। खरीदी केंद्रों में बारदाना पलटी या धान तौलने के लिए किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति इन कार्यों के लिए अवैध शुल्क मांगता है, तो किसान जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के 7828362737 एवं 845001171 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही अपने अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तहसील कार्यालय या खाद्य कार्यालय में भी शिकायत दर्ज करा सकते है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *