छत्तीसगढ़

पुनर्वास योजना के तहत श्रमिकों का पंजीयन सम्पन्न


बीजापुर, 05 दिसंबर 2025/sns/-जिले में पुनर्वास नीति के अंतर्गत पुनर्वासित परिवारों को व्यवस्थित रूप से विभिन्न शासकीय योजनाओं से जोड़ने हेतु श्रम विभाग द्वारा श्रमिक पंजीयन कराया गया। कलेक्टर श्री संबित मिश्रा के निर्देशानुसार यह विशेष अभियान पुनर्वासित परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
श्रम विभाग की इस प्रक्रिया के दौरान श्रमिकों को विभाग में संचालित समस्त योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें जन्म से लेकर मृत्यु तक उपलब्ध लाभ जैसे प्रसूति सहायता, शिक्षा सहायता, चिकित्सा सुविधा, दुर्घटना सहायता, पेंशन आदि शामिल हैं। पुनर्वासित परिवारों को यह सुनिश्चित कराया गया कि श्रम विभाग की प्रत्येक कल्याणकारी योजना उन्हें सुरक्षित जीवन एवं बेहतर भविष्य उपलब्ध कराने हेतु बनाई गई है।
कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देशानुसार पुनर्वासितों के जीवन में आने वाले परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए श्रम विभाग द्वारा उन्हें पंजीयन के साथ-साथ आवश्यक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है जिससे वे विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार एवं आजीविका के अवसरों का लाभ उठा सकें।
आज आरसेटी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में जिले के श्रम निरीक्षक श्री सोपान कर्णेवार द्वारा पुनर्वासित श्रमिकों को श्रमिक पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। कार्यक्रम में श्रम कल्याण अधिकारी श्री गोपाल पटेल भी उपस्थित रहे।
श्रम विभाग ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि जिले के सभी पात्र पुनर्वासित परिवारों को शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *