सुकमा, 05 दिसंबर 2025/sns/-मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान को मजबूत करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आज उप स्वास्थ्य केंद्र मनकापाल में मितानिनों की संकुल बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके सिंह, जिला मलेरिया सलाहकार श्रीमती राजेश्वरी पी., जिला डाटा प्रबंधक आईडीएसपी वेदप्रकाश साहू और ब्लॉक वीबीडीटीएस मालती नेताम उपस्थित थी।
इस बैठक में मनकापाल, पोरदेम, गुफडी और चिरमुर जैसे मलेरिया से अति संवेदनशील ग्रामों की मितानिनों ने भाग लिया। अधिकारियों ने मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान में मितानिनों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी और कहा कि मितानिन समुदाय में जागरूकता फैलाने की सबसे अहम कड़ी हैं। उन्हें बुखार सर्वेक्षण, त्वरित जांच, मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने और समुदाय को स्वच्छता व मच्छर नियंत्रण के उपायों के बारे में जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सभी मितानिनों ने मलेरिया उन्मूलन के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने और गांव-गांव तक जागरूकता पहुँचाने की सामूहिक प्रतिज्ञा ली। अधिकारियों ने मलेरिया, उल्टी-दस्त, संस्थागत प्रसव, टी.बी., कुष्ठ, मोतियाबिंद तथा अन्य राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए समय पर रिपोर्टिंग की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही मितानिन दवा पेटी में उपलब्ध दवाइयों के सही उपयोग के बारे में प्रशिक्षण दिया गया, साथ ही मलेरिया स्लाइड बनाने की प्रक्रिया, सैंपल संग्रह और सुरक्षित परिवहन के तरीकों की जानकारी भी दी गई।


