मुंगेली, 04 दिसम्बर 2025/sns/-कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार नगर पालिका क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने हेतु चालानी कार्रवाई की गई। इस अभियान में एसडीएम श्री अजय शतरंज, तहसीलदार, सीएमओ मुंगेली, यातायात प्रभारी तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम ने शहर के मुख्य मार्गों, बाजार क्षेत्र और व्यस्त चौराहों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले वाहनों एवं दुकानों पर चालानी कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों, फुटपाथ व मार्ग अतिक्रमण करने वाली दुकानों, तथा नियम विरुद्ध चल रहे व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर त्वरित जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में बढ़ती भीड़ और अव्यवस्थित ट्रैफिक से आम नागरिकों को परेशानी हो रही है, जिसे देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान टीम ने दुकानदारों और वाहन चालकों को निर्देशित किया कि वे सड़क पर अतिक्रमण न करें, वाहन निर्धारित स्थान पर ही पार्क करें तथा यातायात नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

