सुकमा, 04 दिसंबर 2025/sns/-आकार आवासीय संस्था सुकमा में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। समग्र शिक्षा विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में शारीरिक, बौद्धिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में दिव्यांग बच्चों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जीता दिल
आवासीय केंद्र के बच्चों ने गीत, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। दिव्यांग बच्चों के बीच गायन, नृत्य, खेलकूद, चित्रकला एवं अन्य प्रतियोगिताएँ आयोजित की गई थीं, जिनके विजेताओं को मंच पर सम्मानित किया गया। इस वर्ष के आयोजन का उद्देश्य विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को आत्मविश्वास प्रदान करना, उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच देना और समाज में उनके प्रति समावेशी दृष्टिकोण को बढ़ावा देना।
कार्यक्रम में शामिल वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है जब हर बच्चे को समान अवसर और सहारा मिले। दिव्यांग बच्चे हमारे समाज की अमूल्य पूंजी हैं जिन्हें निरंतर प्रोत्साहन और संवेदनशील सहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने आकार आवासीय संस्था की भूमिका को सराहते हुए कहा कि संस्था शिक्षण, थेरेपी और पुनर्वास जैसी समग्र सेवाएँ उपलब्ध कराकर अनेक बच्चों के भविष्य को संवारने का काम कर रही है। अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा जरूरतमंद दिव्यांग व्यक्तियों को कृत्रिम हाथ-पैर भी वितरित किए गए, जिससे उनके दैनिक जीवन में सहूलियत और स्वावलंबन बढ़ सके।
कार्यक्रम में श्री रंजीत बारठ, श्री अनिल टावरी, श्री दिलीप पेद्दी, श्री शोभन , श्री राजकुमार कर्मा, श्री अनिल, जिला शिक्षा अधिकारी जी.आर. मंडावी, समग्र शिक्षा अधिकारी श्री उमाशंकर तिवारी, अधीक्षक श्री हरि कुमार कौशिक, एवं आकार आवासीय विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।

