बीजापुर, 25 जनवरी 2026/sns/- जिले में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं जिला निर्वाचन कार्यालय, बीजापुर द्वारा भव्य एवं गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (समर्थ) एजुकेशन सिटी, बीजापुर में प्रातः 11.30 बजे संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संबित मिश्रा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (रा.) श्री जागेश्वर कौशल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नारायण प्रसाद गवेल सहित जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री मिश्रा ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से 18 वर्ष की आयु पूर्ण होते ही मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, निर्भीक एवं जागरूक मतदान ही सशक्त लोकतंत्र की नींव है और प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत बनाती है।
कार्यक्रम के दौरान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) 2026 के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित छात्र-छात्राओं, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का समापन उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नारायण प्रसाद गवेल द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन कार्यालय, जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (समर्थ), समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएँ एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

