सुकमा, 04 दिसंबर 2025/sns/-प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन और मैदानी प्रगति के मूल्यांकन के लिए सीईओ जिला पंचायत श्री मुकुन्द ठाकुर ने जनपद पंचायत छिंदगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत कूकानार का सघन निरीक्षण किया। कूकानार में इस समय 600 से अधिक आवास स्वीकृत हैं, जिनकी वास्तविक प्रगति जानने के लिए सीईओ श्री ठाकुर लाभार्थियों के घर-घर पहुँचे और निर्माण कार्य का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रगतिरत और अपूर्ण आवासों की स्थिति का अवलोकन किया और निर्माण की गुणवत्ता, स्वीकृत राशि के उपयोग, मजदूर एवं सामग्री की उपलब्धता तथा निर्माण की गति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि धीमी प्रगति वाले आवासों पर विशेष ध्यान दिया जाए, निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वाेपरि रखी जाए और सभी स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाए।
साथ ही जन चौपाल में सीईओ श्री ठाकुर ने लाभार्थियों और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। ग्रामीणों ने अपनी निर्माण संबंधी समस्याएँ, सामग्री उपलब्धता, किस्त राशि से जुड़ी जानकारी और तकनीकी मार्गदर्शन की आवश्यकता संबंधी मुद्दे उनके समक्ष रखे। सीईओ श्री ठाकुर ने कहा कि जिला प्रशासन प्रत्येक पात्र लाभार्थी के साथ खड़ा है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराया जाएगा।
सीईओ श्री ठाकुर ने समस्त संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ समय पर लाभार्थियों तक पहुँचे, इसके लिए समन्वय, तत्परता और सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। साथ ही हितग्राहियों से अपील की कि वे अपने आवास निर्माण में सतर्कता रखें और समय पर कार्य पूर्ण करने में सहयोग करें।

