मोहला, 4 दिसंबर 2025/sns/- शासन की योजनाएं और किसानों की मेहनत आज धरातल पर स्पष्ट दिखाई दे रही हैं। जिसके फलस्वरूप आज किसानों को उनके मेहनत का सही दाम मिल रहा है, वही किसान आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर हो रहे हैं। इसका उदाहरण ग्राम कौडुटोला के किसान श्री उदयराम साहू हैं। श्री साहू एक उन्नत किसान हैं, उनकी कृषि में उन्नत तकनीक और मेहनत से प्राप्त आय के फलस्वरूप आज वे दो ट्रैक्टरों के मालिक हैं। कभी जिन खेतों में बैलों या किराए के साधनों से खेती होती थी। आज उन ही खेतों में आधुनिक तकनीक और मशीनों के साथ कम समय में तेजी के साथ कृषि कार्य हो रहा है। ट्रैक्टर आने से उनका बोझ कम हुआ, समय की बचत हुई और खेतों की उत्पादकता कई गुना बढ़ी। इससे उनकी आमदनी में निरंतर वृद्धि हो रही है और खेती अब उनके लिए सिर्फ आजीविका नहीं, बल्कि सम्पन्नता का मार्ग बन चुकी है। श्री साहू ने बताया कि इस वर्ष मंडी से टोकन ही लिया और अपना धान चौकी धान उपार्जन केंद्र में विक्रय किया। प्रक्रिया सरल, सुव्यवस्थित और पारदर्शी रही। जिससे किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। किसान श्री साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि शासन की यह पहल किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस वर्ष धान का समर्थन मूल्य 3100 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक खरीदी का प्रावधान रखा गया है। इससे किसानों को बेहतर लाभ मिल रहा हैं।

