सुकमा, 04 दिसम्बर 2025/sns/-जिला पंचायत सुकमा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर ने बुधवार को जनपद पंचायत सुकमा एवं जनपद पंचायत छिंदगढ़ का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छिंदगढ़ जनपद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक आयोजित कर विभिन्न योजनाओं जैसे मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन एवं एनआरएलएम की वास्तविक प्रगति की समीक्षा की।
सीईओ श्री ठाकुर ने जनपद में कार्यरत कर्मचारियों से सीधे संवाद कर योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन, उपलब्धियों एवं चुनौतियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी विभागीय योजनाएँ समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ पूर्ण हों, ताकि जनहित से जुड़े लक्ष्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके। औचक निरीक्षण के दौरान जनपद पंचायत सुकमा के कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीईओ ने कड़ी नाराज़गी जताई। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी कर्मचारी समय पर कार्यालय में उपस्थित रहें, कार्यालय आने-जाने का समय निर्धारित कर उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा कार्यालय परिसर में स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखें।
औचक निरीक्षण के चलते दोनों जनपदों में प्रशासनिक गतिविधियों में सक्रियता बढ़ाने और योजनाओं के क्रियान्वयान की गति तेज करने पर विशेष जोर दिया गया।


