सुकमा, 04 दिसम्बर 2025/sns/-कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देश पर किशोरी बालिकाओं के समग्र विकास और सुरक्षा को केंद्र में रखते हुए जिले में “मायद नोनी (हमारी बेटियाँ)” कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला महिला एवं बाल विकास विभाग एवं शिक्षार्थ की संयुक्त टीम द्वारा आरएमएसए छिंदगढ़ में बालिकाओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में किशोरी बालिकाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, आत्मरक्षा एवं स्व-सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, साइबर सुरक्षा, निर्णय क्षमता का विकास, गुड टच दृ बैड टच तथा बालिकाओं के अधिकारों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग की संरक्षण अधिकारी एवं तरंगिनी शिक्षार्थ की प्रशिक्षक सुश्री मनीषा शर्मा ने किशोरियों को आत्मविश्वासी बनने, जोखिमपूर्ण परिस्थितियों की पहचान करने एवं सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने के तरीके बताए। मासिक धर्म से जुड़े मिथकों को दूर करते हुए स्वच्छता के सही तरीके भी समझाए गए। कार्यक्रम में चाइल्ड लाइन केस वर्कर श्रीमती गमेश्वरी करटम ने बालिकाओं को बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए शपथ दिलाई।

