मुंगेली, 03 दिसम्बर 2025/sns/- कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार ने आज जिला कलेक्टोरेट में आयोजित जनदर्शन में आमजनों से रूबरू होते हुए मांगों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनी। उन्होंने आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन पर नियमित फॉलोअप किया जाए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। इस दौरान ग्राम चिखलदह के दिव्यांग गोपाल यादव ने ट्रायसायकल दिलाने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल बैटरी चलित ट्रायसायकल प्रदान कर लाभान्वित किया।
जनदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों ने विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित लिखित आवेदन प्रस्तुत किए। ग्राम मेघापारा के किसान रामजी साहू ने रकबा संशोधन कराने, ग्राम बरदुली के ग्रामीणों ने दशरंगपुर से भठलीकला तक सड़क मरम्मत कराने, ग्राम बैगाकापा की श्रीमती खेमलता कश्यप ने दिव्यांगता प्रमाण पत्र का नवीनीकरण कराने, ग्राम संगवाकापा के भरत साहू ने प्रधानमंत्री आवास, शौचालय और पेंशन योजना का लाभ दिलाने, ग्राम फंदवानी के सिधे ने धान विक्रय करने एक अतिरिक्त टोकन दिलाने, ग्राम भालापुर के चैतराम जांगड़े ने आधारकार्ड बनवाने सहित अन्य आवेदकों ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े आवेदन प्रस्तुत किए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निराकरण करने निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर श्रीमती निष्ठा पाण्डेय तिवारी, अपर कलेक्टर श्री जी.एल. यादव, मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सारिका मित्तल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

