छत्तीसगढ़

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 जिले के खरीदी केन्द्रों में चल रही सुव्यवस्थित धान खरीदी

मुंगेली, 27 नवंबर 2025/sns/- शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के नेतृत्व में जिले में धान खरीदी कार्य इस वर्ष भी सुचारू, व्यवस्थित और किसान-हितैषी ढंग से संचालित हो रहा है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत जिले की 66 प्राथमिक समितियों के 105 उपार्जन केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य प्राथमिकता के साथ निरंतर प्रगति पर है। केंद्रों में की गई ठोस व्यवस्थाओं जैसे समयबद्ध टोकन प्रक्रिया, पारदर्शी जांच व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक तौल, छाया, पेयजल और बैठने की सुविधा ने किसानों को बड़ी राहत प्रदान की है।
इसी तारतम्य में उपार्जन केन्द्र धरमपुरा में धान विक्रय करने पहुंचे किसान श्री सदानंद प्रसाद यादव ने बताया कि उन्होंने 53.60 क्विंटल धान का आसान तरीके से विक्रय किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष की खरीदी व्यवस्था पहले से अधिक सहज और भरोसेमंद है। टोकन प्रक्रिया इतनी सुव्यवस्थित है कि किसानों को लंबी कतार में नहीं लगना पड़ता, जिससे समय की बचत होती है और अनावश्यक परेशानी भी नहीं होती। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन के उपयोग से तौल पूरी तरह पारदर्शी और सटीक होती है। किसान अपनी आंखों के सामने निष्पक्ष तौल प्रक्रिया देखकर संतुष्ट रहते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र में पेयजल, छाया तथा बैठने जैसी सुविधाएँ पूरी तरह उपलब्ध हैं, जिससे धान विक्रय का पूरा अनुभव सहज, सरल और तनावमुक्त रहा। श्री यादव ने बताया कि इस वर्ष प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में जिस प्रकार से बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित किया है, उससे किसानों में भरोसा और आत्मविश्वास दोनों बढ़ा है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय सहित शासन-प्रशासन को किसानों के हित में की जा रही इन पारदर्शी और सुचारू व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *