छत्तीसगढ़

संविधान दिवस को बनाया जाएगा जन-उत्सव एक साल तक चलेगा स्वाभिमान पर्व कलेक्टर श्री हरिस एस ने दिए निर्देश

जगदलपुर, 24 नवम्बर 2025/sns/- भारत के संविधान को अपनाए जाने की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आगामी 26 नवंबर 2025 को जिले भर में संविधान दिवस को एक व्यापक और स्मरणीय जन-उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। कलेक्टर श्री हरिस एस. ने इस संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किए हैं, जिसके तहत हमारा संविधान-हमारा स्वाभिमान विषय पर आधारित यह उत्सव पूरे एक साल तक चलेगा। इस महत्वपूर्ण दिवस के अवसर पर सभी जिलों में जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों का केंद्र बिंदु 22 भाषाओं में सामूहिक प्रस्तावना पाठ होगा, जिसकी सामग्री और प्रदर्शनियाँ डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाॅट कांसटिट्यूशन 75 डाॅट काॅम वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि इस उत्सव में नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए माईगोव डॉट इन पोर्टल पर ऑनलाइन संविधान दिवस गतिविधियों में हिस्सा लेने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इसके साथ ही जिला मुख्यालय से लेकर तहसील, पंचायत और यहाँ तक कि गाँवों तक, बड़े पैमाने पर प्रस्तावना पाठ के वीडियो बनाकर डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डाॅट कांसटिट्यूशन75  डाॅट काॅम पर अपलोड करने के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिसके लिए कई भाषाओं में ऑनलाइन अपलोडिंग की सुविधा उपलब्ध है। आयोजनों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक प्रस्तावना पाठ के साथ-साथ शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किए जाएंगे। इस क्रम में माइटी माईगोव डाॅट इन पर 22 भाषाओं में डिजिटल तरीके से शपथ लेने का समारोह आयोजित करने की तैयारी चल रही है। शिक्षा के महत्व को समझते हुए स्कूलों और कॉलेजों में भी संविधान को समर्पित विशेष असेंबली (सभा) आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। अंत में संविधान के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए, प्रस्तावना की वॉल आर्ट, स्टिकर और बॉर्डर डिजाइन को पंचायतों, कार्यालयों, और अन्य सभी महत्वपूर्ण सार्वजनिक जगहों पर प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। कलेक्टर श्री हरिस एस. ने सभी विभागों और नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के अभियान को सफल बनाएं और संविधान के प्रति अपने गौरव को व्यक्त करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *