सुकमा, 21 नवंबर 2025/sns/- विश्व शौचालय दिवस 19 नवंबर के अवसर पर, नया रायपुर के मेफेयर रिसोर्ट में आयोजित राज्य स्तरीय महिला सरपंच स्वच्छता सम्मेलन में सुकमा जिले का नाम रौशन हुआ। कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे स्वच्छता जागरूकता अभियान के बीच, श्रीमती सुकमती पुजारी, सरपंच, ग्राम पंचायत व जनपद पंचायत छिन्दगढ़ को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया।
प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन में मिली सफलता
श्रीमती सुकमती पुजारी को यह सम्मान उनके ग्राम में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई (पीवीएमयू) के सफल संचालन और स्वच्छता के क्षेत्र में इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि सुकमा जिले के लिए ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की दिशा में एक प्रेरणास्रोत है।
“स्वच्छता ही सेवा“ के तहत जागरूकता
इस कार्यक्रम के साथ ही, जिले में “स्वच्छता ही सेवा“ अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों को स्वच्छता संबंधी विषयों पर प्रेरित किया गया। ग्रामीणों को शौचालय के नियमित उपयोग, अपने आसपास के स्थलों की साफ-सफाई बनाए रखना और ठोस एवं तरल अपशिष्ट का प्रबंधन और सुरक्षित निपटान करने के लिए प्रेरित किया गया।

