बीजापुर, 20 नवंबर 2025/sns/-जल संसाधन विभाग के अंतर्गत होने वाली अमीन भर्ती परीक्षा की तारीख घोषित कर दी गई है। यह महत्वपूर्ण परीक्षा छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित की जा रही है। परीक्षा आगामी 07 दिसंबर को राज्य के 16 जिलों में आयोजित होगी जिसमें लगभग 2 लाख अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। इस परीक्षा के आयोजन परीक्षा की शुचिता और सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के लिए व्यापम ने कुछ कड़े और अनिवार्य दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी परीक्षार्थियों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा शुरू होने के एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केंद्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन कर लें। परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को केंद्र पर परीक्षा प्रारंभ होने के कम से कम 2 घंटे पहले पहुँचना होगा। ताकि उनकी व्यवस्थित सत्यापन और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। परीक्षा दोपहर 12 बजे शुरू हो रही है। इसलिए यह अनिवार्य है कि सभी अभ्यर्थी ध्यान दें कि केंद्र का मुख्य द्वार ठीक 11ः30 बजे बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपडे पहनकर परीक्षा देने आये। काले गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी रंग व गहरे चॉकलेटी रंग का कपड़े पहनना वर्जित होगा। केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) की अनुमति है। सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षा कर्मी से जांच कराना होगा। स्वेटर हेतु हल्के रंग एवं आधे बांह का बंधन नहीं होगा। 15 धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा केन्द्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा। उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरने उपरांत ही ऐसे पोशाक की अनुमति होगी। फुटवियर के रूप में चप्पल पहनें। कान में किसी भी प्रकार का आभूषण वर्जित है। परीक्षा कक्ष में किसी प्रकार का संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाऊच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी तथा अभ्यर्थिता समाप्त की जावेगी। परीक्षार्थी परीक्षा केन्द्र में केवल काले या नीले बॉल पांइट पेन लेकर ही आयें।

