धान के बढ़े हुए दाम और योजनाओं से खेती करना हुआ आसान
अम्बिकापुर, 19 नवम्बर 2025/sns/- छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार प्रदेशभर में धान खरीदी तिहार मनाया जा रहा है, वहीं अब सरगुजा जिले के उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी अब जोर पकड़ रही है। अम्बिकापुर विकासखण्ड के नमनाकला उपार्जन केंद्र में ग्राम पंचायत किशुननगर के किसान श्री सेदु राम ने अपना धान बेचकर संतोष व्यक्त किया और बताया कि इस वर्ष व्यवस्था पहले से अधिक सुचारु और सुविधाजनक है।
सहज व्यवस्था, समय पर टोकन, और बढ़ा हुआ दाम-किसानों के लिए बड़ी राहत : सेदु राम
किसान सेदु राम ने बताया कि उनके पास 4 एकड़ जमीन है, जिसमें 3 एकड़ में धान की बोवाई करते हैं। उन्होंने इस सीजन कुल 36 क्विंटल 60 किलो धान विक्रय हेतु पंजीकृत किया है। उन्होंने बताया कि मैंने 15 नवंबर को टोकन कटाया था और आज पहले टोकन में 16 क्विंटल धान बेचने नमनाकला धान उपार्जन केन्द्र आया हूं। उपार्जन केंद्र में तुलाई, नमी परीक्षण और अन्य प्रक्रियाएं बिना किसी परेशानी के पूरी हुईं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 3100 रुपए प्रति क्विंटल धान का मूल्य दिए जाने से किसानों को वास्तविक लाभ मिल रहा है, जिससे खेती आर्थिक रूप से अधिक स्थिर हुई है।
योजनाओं से ग्रामीण किसानों को आर्थिक संबल
सेदु राम ने यह भी साझा किया कि उन्हें किसान सम्मान निधि के तहत हर वर्ष 6000 रुपए प्राप्त होते हैं। जिससे बीज, खाद और बुवाई की तैयारियों में बड़ी मदद करती है। सरकार की योजनाएं किसान की ताकत बढ़ा रही हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसान हित में लिए गए निर्णयों से खेती-किसानी और कृषि आय में बदलाव आया है।
धान खरीदी तिहार की रौनक के बीच किसान सेदु राम जैसे किसान सरकार की योजनाओं और बढ़ी हुई धान के मूल्य से लाभान्वित होकर अत्यधिक उत्साहित हैं।


