छत्तीसगढ़

धान खरीदी हेतु सौंपे गए दायित्व का निर्वहन करें अधिकारी कर्मचारी संभागायुक्त श्री राठौर



19 नवंबर 2025/sns/-
संभागायुक्त श्री एस.एन. राठौर ने कहा कि धान खरीदी शासन की प्राथमिकता में है। वर्तमान उत्पन्न स्थिति को ध्यान में रखते हुए संभाग के सभी जिलों में जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी व्यवस्था के संचालन हेतु सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। अतएव संभाग अंतर्गत जिन अधिकारी-कर्मचारी की ड्यूटी धान खरीदी हेतु लगाई गई हैं, वे अपने दायित्वों का निर्वहन बेहतर ढ़ंग से करना सुनिश्चित करें। संभागायुक्त श्री राठौर ने अवगत कराया कि शासन द्वारा अधिकारी-कर्मचारियों की सेवाओं को अत्यावश्यक मानते हुए एस्मा लगाई गई है। इस स्थिति में कौताही बरतने वालों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही हो सकती है। संभागायुक्त श्री राठौर ने आज संभागीय कार्यालय के सभाकक्ष में संभाग स्तरीय अधिकारियों की बैठक में उक्त बातें कही।
 संभागायुक्त श्री राठौर ने संभाग स्तरीय अधिकारियों को अधीनस्त अधिकारी-कर्मचारी जिनकी ड्यूटी धान खरीदी में लगी है, उन्हें निर्धारित क्षेत्रों में अपनी सेवाओं में उपस्थित रहने निर्देशित करने के निर्देश दिए है। उन्होंने संयुक्त संचालक कृषि को संभाग के जिलों में रबी फसल में धान के बदले दलहन-तिलहन, गेंहू, चना, मसूर, कुसुम की पैदावारी लेने हेतु किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार मिलेट्स फसलों की रकबा बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान देने कहा। उन्होंने संभाग अंतर्गत पहाड़ से लगे मैदानी क्षेत्रों में मसाला फसल, धनिया की पैदावार को बढ़ावा देने हेतु क्षेत्र के किसानों को आवश्यक सुविधाओं के साथ प्रेरित करने कहा। संभागायुक्त ने आश्वस्त किया कि ऐसे क्षेत्रों के किसानों को प्रस्ताव के आधार पर आवश्यक अनुदान की भी व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने बारिश की समाप्ति को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण को बढ़ावा देने जिलों में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा निर्मित स्टॉप डेम में पानी रोकने गेट बंद कराने जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता को आवश्यक पहल करने के निर्देश दिए। बैठक में संभाग आयुक्त श्री राठौर ने समय-सीमा प्रकरणों की विभागवार समीक्षा भी की। साथ ही प्रकरण निराकरण के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन दिए। बैठक में उपायुक्त (राजस्व) श्री पदुमलाल यादव, उपायुक्त (विकास) श्री संतोष ठाकुर सहित समस्त विभाग के संभाग स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *