छत्तीसगढ़

किसान वृक्ष मित्र योजना किसानों के लिए वृक्षारोपण से स्वरोजगार के अवसर

बलौदाबाजार, 19 नवम्बर 2025/sns/- छत्तीसगढ़ शासन, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा संचालित किसान वृक्ष मित्र योजना किसानों के लिये वृक्षारोपण से स्वरोजगार प्राप्त करने का सुनहरा अवसर देता है। योजना का लाभ लेने के इच्छुक कृषक अपनी भूमि का B-1 खसरा नंबर की प्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति संलग्न कर 25 नवम्बर 2025 तक संबंधित परिक्षेत्र कार्यालय में आवेदन जमा कर सकते हैं।

वनमण्डलाधिकारी धम्मशील गणवीर ने जिले के सभी कृषकों से इस योजना का अधिकतम लाभ लेंकर पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि वानिकी को स्वरोजगार का साधन बनाने की अपील की है।योजना के अंतर्गत
किसानों की निजी भूमि पर टिशू कल्चर सागौन, बांस, मिलिया डुबिया, क्लोनल नीलगिरी, चंदन, तथा फलदार प्रजातियों सहित कई मूल्यवान पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। विभाग द्वारा पौधों की उपलब्धता के साथ तकनीकी मार्गदर्शन, रोपण सहायता और आगे चलकर बायबैक की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी जिससे किसानों को भविष्य में निश्चित बाज़ार और स्थिर आय प्राप्त होगी।

इस योजना में कृषकों को विशेष सुविधा प्रदान की गई है जिसके तहत 5 एकड़ तक के क्षेत्र में फेंसिंग, सिंचाई और पौधरोपण पर 100 प्रतिशत सहायता उपलब्ध होगी, जबकि 5 एकड़ से अधिक भूमि पर 50 प्रतिशत तक सहायता दी जाएगी। योजना के विशेष मॉडलों में सहयोगी संस्थाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है । यह योजना न केवल किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है बल्कि ग्रामीण स्तर पर रोजगार सृजन, भूमि संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए भी महत्वपूर्ण कदम है।

योजना से संबंधित सहायता के लिए परिक्षेत्र बलौदाबाजार के परिक्षेत्र अधिकारी बसंत खांडेकर (मो. 9131522087), सोनाखान परिक्षेत्र के दीपक कौशिक (मो. 9399772737), अर्जुनी परिक्षेत्र के रूपेन्द्र साहू (मो. 9926468258), देवपुर परिक्षेत्र के संतोष कुमार पैंकरा (मो. 9926160735) तथा बल्दाकछार परिक्षेत्र के गीतेश कुमार बंजारे (मो. 9115829999) योजना से संबंधित सभी प्रकार की सहायता प्रदान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *