छत्तीसगढ़

नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ पर जिला स्तरीय शपथ ग्रहण समारोह एवं पेंशन सत्यापन शिविर का आयोजन

कवर्धा, 19 नवंबर 2025/sns/- नशामुक्त भारत अभियान के 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा जिला स्तरीय नशामुक्ति शपथ ग्रहण समारोह एवं पेंशन सत्यापन शिविर का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ नागरिकों, पेंशन हितग्राहियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए नशामुक्त रहने की शपथ ली। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री ईश्वरी साहू, अध्यक्ष जिला पंचायत, श्री गजराज सिंह, निज सहायक सांसद तथा श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कवर्धा द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर श्री संदीप साहू, निज सहायक, डॉ. रोशनी पटेल, दन्त रोग विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय, तथा श्री बालाराम साहू, जिला समन्वयक, रेडक्रॉस सोसायटी, कबीरधाम भी उपस्थित रहे।
समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमती अभिलाषा पंडा ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं नशामुक्त भारत अभियान के महत्व से सभी को अवगत कराया। उन्होंने जनसमूह को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और समाज में नशामुक्त वातावरण निर्मित करने की आवश्यकता पर बल दिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उपस्थित डॉ. रोशनी पटेल ने युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को नशे से होने वाले स्वास्थ्य दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक बताया। उन्होंने नशे की लत से बचाव, उपचार तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के उपायों की जानकारी देते हुए नशामुक्ति के प्रति जागरूकता संदेश दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री ईश्वरी साहू, अध्यक्ष जिला पंचायत, तथा श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद कवर्धा ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, समाज में जागरूकता फैलाने एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। तत्पश्चात श्री ईश्वरी साहू द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति हेतु शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में समाज कल्याण विभाग की उप संचालक श्रीमति अभिलाषा पंडा ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *