बलौदाबाजार,17 नवम्बर 2025/sns/- जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारु और किसान-हितैषी बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव इस वर्ष स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। ग्राम अमेरा के किसान विवेकानंद पटेल ने धान खरीदी केंद्र में की गई बेहतर व्यवस्था, समय पर मिले बारदाना, किसानों के लिए बनाए गए छायादार इंतज़ाम और स्वच्छ पेयजल उपलब्धता के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
किसान श्री पटेल ने बताया कि इस वर्ष धान खरीदी केंद्र की व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित और पारदर्शी है। बारदाने की समय पर उपलब्धता से तौलाई कार्य में किसी प्रकार की देरी नहीं हुई और किसानों को लंबे समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ी। तौलाई के दौरान किसानों को आराम देने के लिए केंद्र परिसर में पर्याप्त छाया और बैठने की व्यवस्था की गई है, साथ ही लगातार साफ और ठंडे पेयजल की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है। धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया किसानों के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से तौल, भंडारण और पावती निर्गमन जैसे सभी कार्य तेज़ी और पारदर्शिता के साथ संपन्न हो रहे हैं। किसानों ने कहा कि इस वर्ष की व्यवस्थाएँ उनके श्रम और समय दोनों की बचत कर रही हैं और सरकार द्वारा किए गए प्रयासों से किसानों में विश्वास और संतोष बढ़ा है। सरकार का लक्ष्य है कि समर्थन मूल्य पर धान बेचने आने वाले सभी किसानों को सुरक्षित, सम्मानजनक और सुविधाजनक वातावरण मिले, जिससे खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह व्यवस्था एवं पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ सके।


