छत्तीसगढ़

बीजापुर में धान खरीदी का शुभारंभ हड़ताल के बावजूद पहले दिन 98 क्विंटल धान की खरीदी


बीजापुर, 17 नवंबर 2025/sns/ – खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए जिले में धान खरीदी का शुभारंभ सफलतापूर्वक हो गया। जहां पहले ही दिन 6 उपार्जन केंद्रों के माध्यम से कुल 98 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई। जिले में कुल 30 उपार्जन केंद्र स्थापित किए गए हैं और 24 सहकारी समितियाँ इस प्रक्रिया में शामिल हैं।
सहकारी समितियों के कर्मचारी और ऑपरेटर हड़ताल पर होने के बावजूद, जिला प्रशासन ने धान खरीदी प्रक्रिया को बाधित नहीं होने दिया। प्रशासन ने खाद्य विभाग, राजस्व विभाग, सहकारी संस्थाओं तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों को उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रभारी के रूप में नियुक्त कर खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संचालित किया। सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त बारदाना उपलब्ध कराया गया है, जिससे किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला प्रशासन ने आवश्यक संसाधन, स्टाफ और व्यवस्था सुनिश्चित की है ताकि खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और किसान आसानी से अपना धान बेच सकें।
प्रशासन ने बताया है कि किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाएगी और खरीदी केंद्रों की निगरानी निरंतर जारी रहेगी ताकि व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *