छत्तीसगढ़

पूजा-अर्चना के साथ पाली में धान उपार्जन कार्य का शुभारंभ किसानों में खुशी की लहर


कोरबा, 17 नवम्बर 2025/sns/- खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए समूचे छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से धान उपार्जन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसी क्रम में कोरबा जिले के पाली विकासखंड के धान उपार्जन केंद्र में पारंपरिक रीति-रिवाज़ों के साथ खरीदी कार्य का शुभारंभ किया गया। तौल मशीन और कांटा-बांट की विशेष पूजा-अर्चना के बाद औपचारिक रूप से धान खरीदी की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष पाली श्री अजय जायसवाल एवं एसडीएम पाली श्री रोहित सिंह उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजा कर खरीदी कार्य को प्रारंभ कराया तथा केंद्र में पहुंचने वाले किसानों का उत्साहवर्धन किया।
पाली के किसान श्री धनंजय कुमार इस वर्ष खरीदी केंद्र पहुंचने वाले सबसे पहले किसान रहे। उन्होंने अपने 30 क्विंटल धान के विक्रय हेतु पंजीकरण कराया। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल उपार्जन सत्र की कामना की।
किसानों की सुविधा के लिए केंद्र में पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था सहित सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुगम प्रक्रिया और बेहतर प्रबंध देखकर किसानों ने संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की। धान उपार्जन के शुभारंभ के साथ ही पाली क्षेत्र के किसानों में नए उत्साह, उमंग और राहत की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *