बलौदाबाजार,14 नवम्बर 2025/sns/- कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी अतुल परिहार के कुशल नेतृत्व में महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा जिला स्तरीय सम्मान कार्यक्रम का आयोजन नगर भवन बलौदाबाजार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने जिले की सभी बाल विकास परियोजनाओं से उत्कृष्ट कार्य करने वाली एक-एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका को सम्मानित किया ।
नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने संबोधित करते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरूषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही है। कोई भी क्षेत्र ऐसा नही है जहा महिलाओं ने अपना नाम रौशन नही किया हो। आज आवश्यकता इस बात की है हम लड़का-लड़की में परिवार स्तर पर किए जाने वाले भेदभाव को समाप्त कर घर की बेटियों को भी समान अवसर प्रदान करें। समाज में बढ़ते हुए नशे के उपयोग एवं परिवार पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर चिंता व्यक्त की एवं नशे के विरूद्ध जन अभियान संचालित करने का अपील किया। इसके साथ ही बाल विवाह मुक्त बलौदाबाजार बनाने एवं बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओ का संकल्प उपस्थित प्रतिभागियों को दिलाया गया।
मिशन शक्ति महिला सशक्तिकरण केन्द्र (हब) के द्वारा उक्त आयोजन में बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं योजना के अंतर्गत कक्षा 10वी एवं 12वी में जिले मे मैरिट में स्थान प्राप्त करने वाली दो-दो बालिकाओं को क्रमशः 5000 एवं 3000 रूपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के लिए भाषण वाचन, रंगोली प्रतियोगिता एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयेजित की गई जिसमें चक्रपाणी शुक्ल. शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के छात्रो द्वारा बेटियों के संरक्षण, बेटियों के साथ वर्तमान समय में हो रहे दुर्व्यवहारो पर केन्द्रित चित्रकला तथा रंगोली के माध्यम से अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त किया। भाषण वाचन में बालिका सुरक्षा को लेकर हृदयस्पर्शी विचार प्रस्तुत् किए।
कार्यक्रम में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी आदित्य शर्मा, परियोजना अधिकारी सरस्वती चंद्रवंशी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी एवं सभी परियोजनाओं के पर्यवेक्षक, मिशन शक्ति जिला महिला सशक्तिकरण केन्द्र(हब) की पूरी टीम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं तथा स्कूली छा़त्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

