बलौदाबाजार,14 नवम्बर 2025/sns/- ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति देने के लिये राज्य शासन द्वारा पुल -पुलियों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत जिले में 4 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत के 2 वृहद पुल का निर्माण पूर्ण किया गया है। इन पुलों के निर्माण से जहां आवागन सुगम हुईं है वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की राहें खुली है।
10गांव के लोगों को मिली सुविधा – विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत बिटकुली-खटियापाटी-सुढ़ेला से जुड़ा आरडी-2600 मीटर पर 267.91 लाख की लागत से मल्लीन नाला पर 75 मीटर वृहद पुल निर्माण एवं लवन सिरियाडीह से पैसर आरडी-950 मीटर पर 170.52 लाख की लागत से 20 मीटर वृहद पुल निर्माण विगत जून माह में पूर्ण हुआ है।इन पुलों के निर्माण से करीब 10 गांव के लोगों को सुविधा मिली है।
भविष्य की ओर बढ़ता कदम- ये वृहद पुल केवल सीमेंट और कंक्रीट की संरचनाएं नहीं हैं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच,किसानों की आय में वृद्धि और बच्चों की शिक्षा की गारंटी हैं। इन परियोजनाओं की पूर्णता राज्य शासन की ग्रामीण क्षेत्रों में समावेशी विकास को दर्शाता है। जिला अब एक ऐसे भविष्य की ओर बढ़ रहा है जहाँ सुगम आवागमन ही तेज़ विकास की आधारशिला है।


