सुकमा, 11 नवम्बर 2025/sns/-बस्तर की समृद्ध खेल संस्कृति और पारंपरिक विरासत को सहेजने वाले बस्तर ओलंपिक के अगले चरण का आगाज़ कल 11 नवंबर से होने जा रहा है। सुकमा जिले के तीनों विकासखंडों सुकमा, छिंदगढ़ और कोंटा में विकासखंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन ने इन खेलों के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं।
कलेक्टर ने दिए गरिमामय आयोजन के निर्देश
खेलों के आयोजन को लेकर कलेक्टर श्री देवेश कुमार ध्रुव ने अधिकारियों की बैठक लेकर विशेष निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन पूरी गरिमा और उत्साह के साथ संपन्न होना चाहिए। कलेक्टर ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों के लिए स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सुविधा और अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं की उत्कृष्ट व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि वे बिना किसी असुविधा के अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें।
जोन स्तर में विजयी प्रतिभागी होंगे शामिल
ज़ोन स्तर पर विजय प्राप्त करने वाले प्रतिभागी ही इस विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं, जिससे मुकाबलों के बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। जूनियर और सीनियर, दोनों वर्गों में आयोजित इन खेलों में पारंपरिक खेल जैसे खो-खो, कबड्डी और रस्साकस्सी में टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा। वहीं, वॉलीबॉल में भी खिलाड़ियों के बेहतरीन खेल प्रदर्शन की उम्मीद है।
एथलेटिक्स में भी दिखेगा दम
पारंपरिक खेलों के साथ-साथ एथलेटिक्स के ट्रैक पर भी खिलाड़ियों का पूरा दम-खम देखने को मिलेगा। 100, 200, 400 मीटर दौड़ और रिले रेस में धावक अपनी गति से सभी को प्रभावित करने के लिए तैयार हैं। इसके अलावा, लंबी कूद, ऊँची कूद, तीरंदाजी, तवा फेंक, गोला फेंक और भाला फेंक में भी खिलाड़ियों ने ज़ोन स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है और अब वे विकासखंड स्तर पर अपनी प्रतिभा का परिचय देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। कल से शुरू हो रहे इन खेल आयोजनों को लेकर खिलाड़ियों और आम जनता में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

