छत्तीसगढ़

ग्रामों के सर्वांगीण विकास हेतु कलेक्टर श्री मिश्रा की सरपंचों के साथ बैठक पर्यटन रोजगार एवं मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर

धमतरी, 11 नवम्बर 2025/sns/- जिले के ग्रामों के समग्र विकास को लेकर कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने आज यहाँ कलेक्ट्रेट के सभा कक्ष में सरपंच संघ के पदाधिकारियों एवं जिलेभर के सरपंचों के साथ महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास, पर्यटन संवर्धन, रोजगार सृजन तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विस्तृत चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि ग्राम का वास्तविक विकास तभी संभव है जब वहां के लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध हो, पर्यटन की संभावनाओं का सदुपयोग हो तथा मूलभूत सुविधाएं सभी तक सहज रूप से पहुंचे। उन्होंने सरपंचों से आग्रह किया कि वे अपने ग्रामों की आवश्यकताओं एवं संसाधनों को ध्यान में रखते हुए ठोस विकास प्रस्ताव तैयार करें, जिससे योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जिन ग्रामों में मुख्य मार्ग के निकट व्यावसायिक परिसर अथवा सार्वजनिक उपयोग की भूमि की आवश्यकता है, वहां प्रशासन द्वारा एनओसी एवं भूमि आबंटन की सुविधा प्रदान की जाएगी। पंचायत सचिवों को इसके लिए आवश्यक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि नरहरा एवं मैडमसिल्ली बांध क्षेत्र में पर्यटन समिति का गठन किया गया है, जिससे स्थानीय नागरिकों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। इसी तर्ज पर सिहावा, कर्णेश्वर, श्रृंगीऋषि एवं संगम क्षेत्र में भी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे।
कलेक्टर अबिनाश ने कहा कि पर्यटन स्थलों पर वाहन शुल्क से प्राप्त राशि का उपयोग स्थानीय विकास एवं रोजगार सृजन में किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
बैठक में विभिन्न ग्रामों के सरपंचों ने सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी, विद्यालय, स्वास्थ्य केंद्र, पेयजल एवं पहुंच मार्ग से संबंधित समस्याएं रखीं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ग्रामों में राजस्व भूमि की जानकारी एकत्र की जाए ताकि भविष्य में फूड पार्क जैसी परियोजनाएं स्थापित की जा सकें। साथ ही जहां राशन दुकान की दूरी अधिक है, वहां नई दुकानों की स्थापना की जाएगी।
कलेक्टर ने सामाजिक मुद्दों पर भी चिंता जताते हुए कहा कि नशा समाज को कमजोर करता है, इसलिए नशे की रोकथाम में पंचायत स्तर पर सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। अवैध कारोबार करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्राम करैहा में मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना अंतर्गत रोजगार प्रशिक्षण केंद्र प्रारंभ किया जाएगा तथा रेस्टोरेंट और पेट्रोल पंप स्थापना की योजना भी बनाई जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।
कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि ग्राम का विकास प्रशासन, पंचायत और जनता के सामूहिक प्रयासों से ही संभव है। सभी मिलकर कार्य करें, तो सशक्त, आत्मनिर्भर और समृद्ध गांव का निर्माण निश्चित रूप से संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *